... राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित, चार चरणों में होगा मतदान - Rajasthan Sutra

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित, चार चरणों में होगा मतदान

23 अक्टूबर से शुरू होगा मतदान, 20 नवंबर को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना; 25 नवंबर से जिला प्रमुख-प्रधान के चुनाव

जयपुर। राजस्थान में लंबे समय से इंतजार किए जा रहे पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग ने घोषित कर दिया है। चुनाव प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू होकर नवंबर के अंत तक चलेगी। पंच, सरपंच, पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे।

आयोग के अनुसार प्रदेश में इस बार 4 करोड़ 3 लाख 7 हजार 308 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,08,87,351 पुरुष, 1,94,19,789 महिला और 168 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए कुल 45,384 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

चार चरणों में मतदान

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान की तारीखें क्रमशः 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर 2026 निर्धारित की गई हैं। वहीं पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान क्रमशः 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर 2026 को होगा.

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना 20 नवंबर 2026 को होगी। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव होंगे।

प्रदेश में बढ़ी पंचायती राज संस्थाओं की संख्या

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक पिछले आम चुनाव के बाद प्रदेश में जिलों की संख्या 33 से बढ़कर 41 हो गई है। परिसीमन एवं पुनर्गठन के बाद अब 41 जिला परिषदों में 1,403 निर्वाचन क्षेत्र/वार्ड, 457 पंचायत समितियों में 8,245 निर्वाचन क्षेत्र/वार्ड तथा 14,403 ग्राम पंचायतों में 1,30,589 वार्ड अस्तित्व में आए हैं।

2020-21 के मुकाबले मतदाताओं में 6.22 फीसदी वृद्धि

आयोग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2020-21 में पंचायती राज चुनाव के दौरान कुल 3,79,46,235 मतदाता थे। वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 4,03,07,308 हो गई है। यानी मतदाताओं की संख्या में 6.22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

8 अक्टूबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया

जिला परिषद सदस्यों के लिए चुनाव की लोकसूचना 8 अक्टूबर 2026 को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 14 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर रहेगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

पंचायत समिति सदस्यों के लिए चार चरणों में नामांकन की अंतिम तिथियां 13 अक्टूबर, 16 अक्टूबर, 23 अक्टूबर और 4 नवंबर निर्धारित की गई हैं। पंच-सरपंच चुनावों के लिए नामांकन की अंतिम तिथियां 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर, 5 नवंबर और 15 नवंबर रहेंगी।

मतदान का समय

पंच, सरपंच, पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान सामान्यतः सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। चारों चरणों के मतदान के बाद पंच-सरपंच पदों की मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी।

राजस्थान सूत्र | Rajasthan Sutra
पंचायती राज चुनाव 2026 की हर अपडेट के लिए जुड़े रहें।

WhatsApp खबर WhatsApp पर भेजें

Check Also

पल्लू क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में Ward-wise Reservation जारी, 227 वार्डों की स्थिति सामने आई

पंचायत समिति पल्लू की ग्राम पंचायतों में Ward Panch के लिए Reservation की स्थिति सामने आ गई है। 227 वार्डों में UR, SC, OBC और Women Reservation की category निर्धारित की गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *