... हनुमानगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक, 99 करोड़ रुपये के क्लेम का भुगतान 7 दिन में - Rajasthan Sutra

हनुमानगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक, 99 करोड़ रुपये के क्लेम का भुगतान 7 दिन में

हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PM Fasal Bima Yojana) और सिंचाई पानी चोरी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कृषि विभाग ने जिले में फसल बीमा कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

खरीफ 2023 में  274.30 करोड़ रुपये का कुल बीमा क्लेम स्वीकृत

अधिकारियों ने बताया कि खरीफ 2023 में भादरा और नोहर तहसील के क्रमशः 33 एवं 30 फसल युग्मों, कुल 63 बीमा इकाइयों (पटवार मंडल) से जुड़े बीमा क्लेम पर फसल बीमा कंपनी की आपत्तियों का पूर्ण निस्तारण कर दिया गया है। इससे जिले को 98.92 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा क्लेम प्राप्त हुआ है। इस प्रकार खरीफ 2023 में जिले के पात्र किसानों के लिए कुल 274.30 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम निर्धारित किया गया है।

बाउंस क्लेम प्रकरणों पर विशेष कैंप,
2066 मामलों का निस्तारण, भुगतान प्रक्रिया जारी

बैठक में जानकारी दी गई कि रबी 2021-22 से रबी 2022-23 तक के फसल बीमा बाउंस क्लेम के 3037 प्रकरण बीमा कंपनी एआईसी द्वारा दिसंबर 2025 में उपलब्ध कराए गए थे। 2 से 5 जनवरी 2026 तक जिले की सभी तहसीलों में विशेष कैंप आयोजित कर 2066 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर आवेदन एआईसी को भेज दिए गए हैं, जिनका भुगतान शीघ्र किया जाएगा।

7 दिन में किसानों को मिलेगा भुगतान

जिला कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि खरीफ 2023 के शेष लगभग 99 करोड़ रुपये के बकाया बीमा क्लेम का भुगतान 7 दिवस के भीतर किसानों को किया जाए। विभागीय अधिकारियों ने 20 से 25 जनवरी के बीच किसानों के बैंक खातों में राशि जमा कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही 2066 किसानों की री-केवाईसी कराकर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रगतिशील किसानों को मिलेगा सम्मान

बैठक में जिला कलेक्टर ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने तथा उनके द्वारा किए जा रहे कृषि नवाचारों को अन्य किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों की लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर जोर दिया गया।

सिंचाई पानी चोरी पर सख्ती,
ड्रोन सर्वे और टीम गठित कर होगी कार्रवाई

सिंचाई पानी चोरी को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर ने नोहर जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि नोहर और भादरा क्षेत्र में ड्रोन सर्वे, टीम गठित कर लगातार मॉनिटरिंग की जाए। पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बड़ोपल क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा

बैठक में बड़ोपल क्षेत्र के किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी सहमति अनुसार कार्य को शीघ्र संपादित करने के निर्देश दिए।

WhatsApp खबर WhatsApp पर भेजें

Check Also

CBEO के आदेश की अवहेलना पर भड़का शिक्षक संघ, धांधूसर स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग

पल्लू के धांधूसर स्कूल में सीबीईओ के आदेश के बावजूद अध्यापक को जॉइनिंग नहीं देने पर शिक्षक संघ ने विरोध तेज कर दिया है। मामले को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *