... एथेनॉल फैक्ट्री विरोध : हालात तनावपूर्ण, प्रशासन डैमेज कंट्रोल में, अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात - Rajasthan Sutra

एथेनॉल फैक्ट्री विरोध : हालात तनावपूर्ण, प्रशासन डैमेज कंट्रोल में, अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात

हनुमानगढ़ | टिब्बी (राठीखेड़ा) हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी उपखंड के राठीखेड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में चल रहा किसान आंदोलन उग्र रूप ले चुका है। किसानों द्वारा आज टिब्बी में महापंचायत के बाद राठीखेड़ा की ओर कूच किए जाने से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई। हालात को संभालने के लिए जिला कलेक्टर एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं, वहीं अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसानों का लंबे समय से आरोप है कि प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री से क्षेत्र के भूजल, कृषि भूमि और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसी को लेकर किसान निरंतर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। आज महापंचायत के बाद जब किसान राठीखेड़ा की ओर बढ़े तो पुलिस द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया गया।

किसान संगठनों का दावा है कि इस कार्रवाई में किसान नेता मंगेज़ चौधरी, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया सहित अनेक किसान घायल हुए हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

घटनाक्रम के दौरान फैक्ट्री परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री की चारदीवारी को नुकसान पहुंचाया गया तथा कार्यालय, कुछ निर्माण मशीनों और वाहनों को क्षति पहुंची। हालांकि नुकसान के आंकड़ों और आगजनी की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन द्वारा की जा रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

दूसरी ओर, धरनास्थल पर मौजूद किसानों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक एथेनॉल फैक्ट्री निर्माण को लेकर उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने चेतावनी दी है कि “राजस्थान सरकार यदि अब भी नहीं चेती, तो किसान आंदोलन और तेज किया जाएगा।”

फिलहाल टिब्बी-राठीखेड़ा क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। प्रशासन व किसान संगठनों के बीच संवाद के प्रयास जारी हैं।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्वीट) पर सरकार और पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है।

डोटासरा ने अपने ट्वीट में लिखा

“हनुमानगढ़ के टिब्बी में किसान आंदोलन पर पुलिस द्वारा किए गए बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में भर्त्सना करता हूं। अन्नदाता के हक़ की लड़ाई में लड़ रहे युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व विधायक @AbhimanyuP00NIA जी एवं अनेक किसानों के घायल होने की खबर पीड़ादायक और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।”

उन्होंने आगे भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा

“भाजपा किसानों की आवाज़ को कुचलना चाहती है, उनके हक को दबाना चाहती है। सरकार को समझना चाहिए कि किसानों की आवाज़ को दबाने से समस्याएं खत्म नहीं होंगी, बल्कि और मुखर होंगी।”

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है

“कांग्रेस पार्टी हमेशा की तरह किसानों के साथ खड़ी रहेगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निडरता से संघर्ष करती रहेगी।”

डोटासरा के बयान के बाद एथेनॉल फैक्ट्री विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। एक ओर प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजर टिकी हुई है।

WhatsApp खबर WhatsApp पर भेजें

Check Also

PM Fasal Bima Yojana Scam: राजस्थान में सबसे बड़ी FIR, SBI पल्लू शाखा सहित 166 लोग घेरे में

राजस्थान में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े कथित घोटाले में अब तक की सबसे बड़ी FIR दर्ज होने से बैंकिंग और प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है। SBI पल्लू शाखा सहित 166 लोगों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एजेंसियां डिजिटल और वित्तीय फॉरेंसिक जांच में जुटी हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *