... एथेनॉल फैक्ट्री मामले में उच्च स्तरीय समिति का दौरा, भू-जल नमूने लेकर संघर्ष समिति से की चर्चा - Rajasthan Sutra

एथेनॉल फैक्ट्री मामले में उच्च स्तरीय समिति का दौरा, भू-जल नमूने लेकर संघर्ष समिति से की चर्चा

हनुमानगढ़। जिले के टिब्बी क्षेत्र के राठीखेड़ा चक 5 आरके में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर उठ रही आपत्तियों के बीच गठित 5 सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति ने रविवार को क्षेत्र का दौरा किया। समिति ने फैक्ट्री से संभावित भू-जल प्रदूषण और पर्यावरणीय प्रभावों की वैज्ञानिक जांच के तहत मौके पर निरीक्षण कर भू-जल नमूने एकत्र किए।

समिति में राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता अरविन्द अग्रवाल, भू-जल विभाग के मुख्य अभियंता सूरजभान, केन्द्रीय भू-जल प्राधिकरण के वैज्ञानिक शैलेंद्र सिंह तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में स्थित बोरवेलों और आसपास के ट्यूबवेलों से भू-जल नमूने लिए गए, साथ ही भू-जल स्तर का मापन भी किया गया।

इसके बाद समिति के सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय, टिब्बी में संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी आशंकाओं और आपत्तियों को विस्तार से सुना। समिति ने स्पष्ट किया कि सभी तकनीकी और वैज्ञानिक परीक्षणों के आधार पर एक तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को सौंपी जाएगी, ताकि निर्णय पारदर्शी और जनहित में हो सके।

गौरतलब है कि 12 दिसम्बर को संघर्ष समिति और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक में उच्च स्तरीय समिति के गठन पर सहमति बनी थी। इसके पश्चात 16 दिसम्बर को समिति का औपचारिक गठन किया गया। दौरे के दौरान टिब्बी एसडीएम सत्यनारायण सुथार, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता रामा किशन, भू-जल वैज्ञानिक बरकत अली, तहसीलदार हरीश टाक सहित संघर्ष समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

WhatsApp खबर WhatsApp पर भेजें

Check Also

कर्नाटक: कोप्पल में Israeli Tourist गैंगरेप और हत्या केस में तीन दोषियों को फांसी

कोप्पल की अदालत का यह फैसला सख्त न्याय का उदाहरण है, जिसमें Israeli tourist गैंगरेप और हत्या केस को Rarest of Rare मानते हुए तीन दोषियों को मौत की सजा दी गई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *