पल्लू (हनुमानगढ़)। कस्बे में शुक्रवार को शराब दुकान पर कार्यरत एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक का शव शराब दुकान के ऊपर बने कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि सिर में गोली लगने के निशान पाए गए। घटना के बाद पूरे कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 24 वर्षीय अमित सिंह पुत्र भागीरथ सिंह, निवासी लम्बोर, तहसील राजगढ़ के रूप में हुई है। वह पिछले काफी समय से पल्लू में भीमसिंह शेखावत की शराब दुकान पर बतौर सेल्समैन कार्यरत था और वहीं रहकर काम कर रहा था।
मृतक के चाचा योगेन्द्र सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह राजपूत निवासी लम्बोर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दुकान पर कार्यरत दूसरे सेल्समैन प्रदीप सिंह निवासी हरपालसर ने फोन कर सूचना दी कि अमित सिंह ने खुद को गोली मार ली है और उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन भोला सिंह, पूनम सिंह, नत्थू सिंह तथा लम्बोर के पूर्व सरपंच फतेह सिंह के साथ पल्लू स्थित शराब दुकान पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में एक चारपाई पर अमित सिंह का शव पड़ा था, जबकि पास ही दूसरी चारपाई पर पिस्तौल रखी हुई थी। कमरे के नीचे फर्श पर खून फैला हुआ था। इन हालात को देखकर परिजनों ने मामले में संदेह जताया है और आशंका व्यक्त की है कि मौत के पीछे कोई और कारण भी हो सकता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस हथियार से गोली चली, वह शराब ठेकेदार के सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत एक भूतपूर्व सैनिक की लाइसेंसी बंदूक बताई जा रही है। हथियार मौके पर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में गोली चली, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश कुमार मील पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने एहतियातन शराब दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित करते हुए डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही एफएसएल जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि अमित सिंह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है। घर में उसकी मां और एक बहन हैं, जिनका पूरा सहारा अमित ही था। वह अविवाहित था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Rajasthan Sutra सच्चाई, सरोकार और संवाद