चूरू. ज़िले में रविवार को चूरू–तारानगर रोड पर नैनासर टोल नाके के पास कार और स्कार्पियो में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कार्पियो सवार सात लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, कार सरदारशहर की ओर आ रही थी, जबकि स्कार्पियो तारानगर की ओर बारात में जा रही थी। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो चालक की तेज़ रफ्तार और लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। मृतकों की पहचान गोगटिया (तहसील तारानगर) निवासी सुल्तान जाट पुत्र श्योपत राम और उनकी पुत्री ममता के रूप में हुई है। सुल्तान अपनी बेटी सहित अपने गांव की ओर विवाह सामारोह में शामिल होने आये हुए थे, शाम को वापस दोनों पल्लू लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सुल्तान मूंड भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में एसबीआई बैंक पल्लू में गार्ड के रूप में कार्यरत थे। उनका परिवार पल्लू में ही निवास करता है। हादसे की सूचना मिलने पर सरदारशहर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। पुलिस ने पिता-पुत्री के शवों को सरदारशहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जबकि घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। इस हृदयविदारक घटना से गोगटिया गांव और पल्लू कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है, वहीं बैंककर्मियों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।
साेमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उनके पैतृक गांव गोगटिया में गमगीमन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक सुल्तान के भाई की रिपोर्ट पर स्कॉर्पियो चालक पर तेज गति व लापरवाही से दुघर्टना कारित करने के आरोप में सरदारशहर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू दी गई है।
Rajasthan Sutra सच्चाई, सरोकार और संवाद