... मां ब्रहमाणी मंदिर में चोरी — चोर ले गए चांदी का छत्र, मूर्तियां और मुकुट - Rajasthan Sutra

मां ब्रहमाणी मंदिर में चोरी — चोर ले गए चांदी का छत्र, मूर्तियां और मुकुट

हनुमानगढ़। जिले के पल्लू कस्बे में स्थित ऐतिहासिक मां ब्रहमाणी मंदिर में सोमवार अलसुबह चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोरों ने मंदिर के चार ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया और चांदी का छत्र, मूर्तियां और मुकुट सहित अन्य कीमती वस्तुएं चुरा ले गए।

सोमवार सुबह जब मंदिर के पुजारियों ने पूजा-अर्चना के लिए कपाट खोले तो अंदर का दृश्य देखकर वे दंग रह गए। मंदिर में सामान बिखरा पड़ा था और मूर्तियों के श्रृंगार के वस्त्र अस्त-व्यस्त मिले। तत्काल इसकी सूचना पल्लू पुलिस थाना को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजेंद्र शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मौका-मुआयना किया। उच्चाधिकारियों को सूचना देकर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से सबूत इकट्ठा किए।

मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो नकाबपोश संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जो रविवार रात करीब दो बजे मंदिर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे कस्बे में आक्रोश और चर्चा का माहौल फैल गया। श्रद्धालुओं ने आस्था के केंद्र मंदिर में हुई चोरी की निंदा करते हुए पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

नोहर विधायक अमित चाचाण पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही नोहर विधायक अमित चाचाण पल्लू पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली तथा मंदिर प्रबंधन से हालात की जानकारी प्राप्त की। विधायक चाचाण ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के आला अधिकारियों से बातचीत कर इस घटना का अविलंब खुलासा करने के निर्देश दिए।

WhatsApp खबर WhatsApp पर भेजें

Check Also

PM Fasal Bima Yojana Scam: राजस्थान में सबसे बड़ी FIR, SBI पल्लू शाखा सहित 166 लोग घेरे में

राजस्थान में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े कथित घोटाले में अब तक की सबसे बड़ी FIR दर्ज होने से बैंकिंग और प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है। SBI पल्लू शाखा सहित 166 लोगों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एजेंसियां डिजिटल और वित्तीय फॉरेंसिक जांच में जुटी हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *