जयपुर, 10 नवम्बर।
दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए विस्फोट के बाद राजस्थान में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा ने सभी रेंज आईजी, पुलिस आयुक्त, डीसीपी और जिला पुलिस अधीक्षकों (SPs) को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि राज्यभर में संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
डीजीपी ने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शॉपिंग मॉल, धार्मिक स्थल और पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने सभी जिलों में अधिकतम पुलिस बल की सड़कों पर तैनाती के आदेश दिए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) को पूरी तरह से सतर्क रहने और कमांड सेंटर के CCTV कैमरों की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
डीजीपी शर्मा ने निर्देश दिया कि सभी एसपी और डीसीपी स्वयं फील्ड में रहकर हालात की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि हर एहतियाती कदम उठाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमों को अफवाहों या गलत सूचनाओं के प्रसार पर तुरंत खंडन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्थान पुलिस के अनुसार, राज्य में इस समय किसी भी तरह का खतरा नहीं है, लेकिन रोकथाम और एहतियात के तौर पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर काम किया जा रहा है।
Rajasthan Sutra सच्चाई, सरोकार और संवाद