पल्लू। तहसील मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पल्लू में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित हेल्थ केयर एवं इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ट्रेड के विद्यार्थियों के लिए शीतकालीन अवकाश के दौरान ऑन जॉब ट्रेनिंग (On Job Training – OJT) कार्यशाला का आयोजन किया गया
विभागीय आदेशों की पालना में कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के प्रशिक्षण का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
हेल्थ केयर ट्रेड के विद्यार्थियों को राजकीय आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्लू में ऑन जॉब ट्रेनिंग प्रदान की गई, जहां उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान डॉ. विपिन भड़िया ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए प्राथमिक उपचार, रोग निवारण और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
वहीं इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ट्रेड के विद्यार्थियों को कस्बे के श्री कंप्यूटर सेंटर एवं माइक्रो इन्फोटेक कंप्यूटर सेंटर में OJT करवाई गई। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह और सृजनात्मकता के साथ विभिन्न तकनीकी गतिविधियों में भाग लिया तथा कंप्यूटर हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, बेसिक नेटवर्किंग और डिजिटल स्किल्स की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की।
ऑन जॉब ट्रेनिंग प्रभारी लीलाधर शर्मा सहित राजेश मीणा, महावीर ढुकिया, कमलेश कुमार (वीटी हेल्थ) एवं रॉबिन सिंह (वीटी आईटी) प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित रहे। OJT के दौरान विद्यार्थियों को विषय सामग्री का वितरण भी किया गया।
श्री कंप्यूटर सेंटर के संचालक धर्मचंद पारीक एवं माइक्रो इन्फोटेक कंप्यूटर सेंटर के संचालक हसन रज़्ज़ा ने विद्यार्थियों को इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में करियर संभावनाओं और नवीन तकनीकों की जानकारी दी।
Rajasthan Sutra सच्चाई, सरोकार और संवाद