पल्लू (हनुमानगढ़)। पल्लू तहसील कार्यालय में मंगलवार को पूर्व जिला परिषद सदस्य गौरीशंकर थोरी के नेतृत्व में ग्रामीणों और किसान प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को तहसीलदार पल्लू के मार्फत महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मां ब्रह्माणी मंदिर से पिछले महीने हुई चांदी के मुकुट व मूर्तियों की चोरी के मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग प्रमुख रही।
गौरीशंकर थोरी ने कहा कि घटना को एक महीना बीत चुका है, लेकिन पुलिस मुख्य अभियुक्तों तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश है।
फसल बीमा क्लेम 2021 से 2024 तक लंबित, किसानों में रोष
थोरी ने बताया कि एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी द्वारा 2021 से 2024 तक का फसल बीमा क्लेम अभी तक पल्लू तहसील के किसानों के खातों में जमा नहीं किया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो किसान और नौजवान मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
तहसीलदार पल्लू ने मौके पर उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि कंपनी अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद में देरी, किसानों में बढ़ी बेचैनी
ग्रामीणों ने कहा कि अभी तक MSP पर मूंगफली खरीद शुरू नहीं की गई है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने मांग की कि सरकार तुरंत खरीद प्रक्रिया शुरू करे।
स्मार्ट मीटर पर भी जताया विरोध
सरपंच संदीप कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर सरकार बिजली व्यवस्था को निजी हाथों में देकर बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रही है, जिसका ग्रामीण एकजुट होकर विरोध करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में मंगलाराम बिजारणिया,विकास बिजारणिया (छात्रसंघ अध्यक्ष), विनोद सारण (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष), छात्र नेता राधे स्वामी, गोपीराम केलनिया, हसन जौङा, इकबाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
Rajasthan Sutra सच्चाई, सरोकार और संवाद