हनुमानगढ़/नापासर | राजस्थान सूत्र
हनुमानगढ़ जिले के नोरंगदेसर क्षेत्र में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवासर निवासी एक जिन्स एवं दूध व्यापारी के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक शनिवार को सरदारशहर जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक वह पैसे लाने की बात कहकर गया था, लेकिन रविवार को उसका शव भारतमाला के पास खेतों के कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नापासर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी ।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक के पास से मोबाइल और कुछ नकदी भी मिली है, लेकिन जिस परिस्थिति में शव मिला है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों का कहना है कि मामला सामान्य नहीं है और इसमें साजिश या हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक के अंतिम संपर्क, कॉल डिटेल्स व घटनास्थल के आसपास के सुराग खंगाले जा रहे हैं।
Rajasthan Sutra सच्चाई, सरोकार और संवाद