पल्लू (हनुमानगढ़), 21 जून 2025 बीकानेर रेंज पुलिस की स्पेशल टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पल्लू थाना क्षेत्र के पास महादेव होटल की आड़ में चल रही एक अवैध डीजल फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में टीम ने मौके से 40,200 लीटर केमिकल युक्त अवैध डीजल, लाखों रुपये कीमत का उपकरण और एक पी-कप वाहन जब्त किया है।
इस फैक्ट्री का संचालन बेहद सुनियोजित तरीके से हो रहा था, जिसमें केमिकल युक्त तेल को डीजल के रूप में तैयार कर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक टैंकर से लगभग 35,000 लीटर डीजल तैयार होता था, और हर महीने लगभग 25 टैंकरों की बिक्री की जा रही थी। इसकी अनुमानित मासिक कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है।

पुलिस की विशेष टीम को मिली बड़ी सफलता
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री ओमप्रकाश IPS के निर्देशन में गठित स्पेशल टीम ने इस पूरे मामले की निगरानी की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पवन कुमार भदौरिया के नेतृत्व में टीम ने हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना इलाके में यह छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गुजरात नंबर का टैंकर (GJ 39 TA 7092) पकड़ा गया, जिसमें केमिकल युक्त तेल था। साथ ही एक पी-कप (RJ 13 GC 1866) वाहन से भी भारी मात्रा में तेल जब्त किया गया। इस मामले में कुल तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें फैक्ट्री संचालक और दो चालक शामिल हैं।
बड़े गिरोह की साजिश, कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस को शक है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर फैला हुआ है, जो फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से केमिकल मंगवाकर अवैध डीजल तैयार करता था। इस नेटवर्क में हरियाणा के हिसार, गुजरात के गांधीधाम, और राजस्थान के कई जिलों के नाम सामने आ रहे हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे की संपूर्ण श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है।
जनहित में पुलिस की अपील
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अज्ञात या सस्ते डीजल-पेट्रोल से सावधान रहें क्योंकि यह न केवल अवैध है बल्कि वाहनों की मशीनरी पर भी बुरा असर डाल सकता है। साथ ही यह घरों और गोदामों में आगजनी जैसी गंभीर घटनाओं का कारण बन सकता है।
स्थानीय पुलिस पर उठे सवाल
इस कार्रवाई से केवल 10 किलोमीटर दूर स्थित पल्लू थाना पुलिस की लापरवाही भी उजागर हुई है। इलाके में इतने बड़े स्तर की अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। वहीं, IG बीकानेर की सक्रियता और विशेष टीम की तत्परता ने पूरे डीजल माफिया नेटवर्क को हिला कर रख दिया है।
पेट्रोल पंप संचालकों में खुशी की लहर
इस कार्रवाई के बाद अवैध डीजल बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि अधिकृत पेट्रोल पंप संचालकों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार से न केवल उनका व्यापार प्रभावित होता है, बल्कि आम जनता को भी जान का खतरा बना रहता है।
बीकानेर रेंज की स्पेशल टीम के स्पेशल योद्धा
सच्चे योद्धा जिन्होंने डीजल माफिया के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया, यह पुलिस की यह टीम सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि कानून और ईमानदारी का प्रतीक है। बीकानेर आईजी द्वारा गठित इस विशेष टीम ने पल्लू क्षेत्र में चल रही अवैध डीजल फैक्ट्री का पर्दाफाश कर एक साहसी कदम उठाया। टीम ने मौके से हजारों लीटर अवैध डीजल और करोड़ों रुपये का सामान जब्त कर अपराधियों की नींद उड़ा दी।
इस विशेष कार्रवाई में शामिल रहे वीर अधिकारी और जवान:
1. श्री देवीलाल सहारण उपनिरीक्षक, नेतृत्व में कुशल
2. श्री विमलेश कुमार — हैड कानि. 44
3. श्री मनोज कुमार — कानि. 762
4. श्री बाबूलाल — कानि. 778
5. श्री सीताराम — कानि. 1707
6. श्री रविंद्र सिंह — कानि. 1883
7. श्री नोरागसिंह — कानि., ड्राइवर 650
राजस्थान सूत्र लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है। पूरी जानकारी और आगे की अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।
Rajasthan Sutra सच्चाई, सरोकार और संवाद